इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा एक बार फिर अपने विवादों से चर्चा में आ गए हैं. उन्होंने पाकिस्तान को लेकर विवादित बयान दिया है.
पित्रोदा ने कहा कि उन्हें पाकिस्तान, बांग्लादेश और नेपाल में घर जैसा महसूस होता है. इतना ही नहीं उन्होंने भारत की विदेश नीति को लेकर कहा कि देश की फॉरेन पॉलिसी का फोकस पड़ोसी देशों पर होना चाहिए.
उन्होंने कहा कि मेरे अनुसार हमारी फॉरेन पॉलिसी का फोकस हमारे पड़ोसी देशों पर होना चाहिए. क्या हम पड़ोसियों के साथ हमारे संबंधों में सुधार कर सकते हैं? मैं पाकिस्तान रहा हूं और आपको बताना चाहूंगा कि मुझे वहां घर जैसा लगता है. मैं बांग्लादेश में भी रहा हूं और नेपाल में भी और मुझे वहां भी घर जैसा लगता है. मुझे इन देशों में जाकर नहीं लगता कि किसी विदेशी धरती पर हूं.
राहुल गांधी की Gen-Z से अपील पर प्रतिक्रिया देते हुए पित्रोदा ने कहा कि मैं देश के युवाओं से अनुरोध करना चाहता हूं कि वे राहुल गांधी के साथ खड़े हों. उनकी आवाज के साथ अपनी आवाज मिलाएं. दरअसल राहुल गांधी ने Gen-Z से अपील की थी कि वे आगे आएं और देश के लोकतंत्र की रक्षा करे.
