दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ चुनाव 2025 के नतीजे जारी कर दिए गए हैं. इस बार ABVP ने अध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव पद पर जीत दर्ज की है, जबकि NSUI ने उपाध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया है. इस तरह दोनों छात्र संगठनों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली, लेकिन कुल मिलाकर ABVP ने तीन अहम पदों पर जीत हासिल कर बढ़त बनाए रखी. वहीं, NSUI के राहुल झांसला ने उपाध्यक्ष पद पर शानदार जीत दर्ज कर पार्टी की इज़्ज़त बचाई.


भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ (NSUI) ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) पर EVM से छेड़छाड़ का आरोप लगाया और दावा किया कि हंसराज और किरोड़ीमल कॉलेजों में ABVP उम्मीदवारों के नामों के आगे नीली स्याही के निशान पाए गए. ABVP ने इन आरोपों को “निराधार और हताशाजनक” बताते हुए DUSU के सभी चार पदों पर जीत का भरोसा जताया.
किरोड़ीमल कॉलेज में दोपहर करीब 1.30 बजे NSUI अध्यक्ष रौनक खत्री लगभग 40 बाहरी लोगों के साथ परिसर में घुस आए. सुरक्षाकर्मियों ने समूह को रोकने की कोशिश की, लेकिन जब वे जबरन कॉलेज परिसर में घुसे तो झड़पें शुरू हो गईं.
