मुरादाबाद। भोजपुर थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। बिजनौर निवासी एक विवाहिता ने अपने पति, जेठ समेत ससुराल पक्ष के कई लोगों पर मारपीट, उत्पीड़न और अश्लील हरकतों के गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है।
पीड़िता सोनम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी करीब आठ वर्ष पहले भोजपुर थाना क्षेत्र के पीपलसाना निवासी मोनिस के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के बाद उनके तीन बच्चे हुए। आरोप है कि कुछ समय बाद पति मोनिस छोटी-छोटी बातों पर मारपीट करने लगा और दूसरी शादी करने की धमकी देने लगा।
महिला का आरोप है कि पति के बाहर रहने का फायदा उठाकर उसका जेठ दानिश उस पर गलत नजर रखने लगा और कई बार अश्लील हरकतें करते हुए अवैध संबंध बनाने का दबाव बनाया। विरोध करने पर घर से निकालने और जान से मारने की धमकी दी गई।
पीड़िता के मुताबिक जब उसने इस पूरे मामले की शिकायत अपने पति और ससुराल पक्ष से की तो उल्टा उसके साथ मारपीट की गई और चुप रहने का दबाव बनाया गया। महिला का आरोप है कि बाद में उसे घर से निकाल दिया गया, जिसके बाद वह अपने मायके लौट आई।
तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि 14 मई 2026 को उसका पति अपनी रिश्तेदारी की एक महिला को लेकर फरार हो गया। जब पीड़िता ने फोन पर विरोध किया तो उसे गालियां दी गईं और संबंध खत्म करने की बात कही गई।
महिला का कहना है कि 20 मई को जब वह अपने मायके वालों के साथ पीपलसाना पहुंची तो वहां पति और जेठ ने उसके साथ तथा उसकी मां के साथ मारपीट की और दोबारा आने पर जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता ने भोजपुर पुलिस से पति मोनिस, जेठ दानिश समेत अन्य ससुरालीजनों इरम, तहसीन और नाजरीन के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है@जफर-INN
