भारत की मशहूर एडटेक कंपनी BYJU’S के फाउंडर Byju Raveendran की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। सिंगापुर की अदालत ने कोर्ट के आदेशों का पालन नहीं करने के मामले में उन्हें 6 महीने की जेल की सजा सुनाई है।
कोर्ट ने कहा कि बायजू रवींद्रन ने अप्रैल 2024 से अपनी संपत्तियों और कंपनियों से जुड़े कई आदेशों को नजरअंदाज किया। अदालत के मुताबिक, बार-बार आदेशों की अनदेखी करने की वजह से उनके खिलाफ यह कार्रवाई की गई।
रिपोर्ट्स के अनुसार, सिंगापुर कोर्ट ने रवींद्रन को बीयर इन्वेस्टको प्राइवेट लिमिटेड के मालिकाना हक से जुड़े जरूरी दस्तावेज जमा करने को कहा था। यह कंपनी एक दूसरी संबंधित फर्म में हिस्सेदारी रखती है। अदालत ने उन्हें अधिकारियों के सामने सरेंडर करने का निर्देश भी दिया है। इसके अलावा उन पर 90 हजार सिंगापुर डॉलर का जुर्माना भी लगाया गया है, जो भारतीय मुद्रा में करोड़ों रुपये के करीब बैठता है।
कभी देश के सबसे बड़े स्टार्टअप चेहरों में शामिल रहे बायजू रवींद्रन की आर्थिक स्थिति भी बुरी तरह प्रभावित हुई है। फोर्ब्स के मुताबिक, अप्रैल 2023 में उनकी नेटवर्थ करीब 2.1 बिलियन डॉलर थी, लेकिन अब उनका नाम अरबपतियों की सूची से बाहर हो चुका है।
इधर निवेश कंपनी BlackRock ने BYJU’S की वैल्यूएशन घटाकर करीब 1 बिलियन डॉलर कर दी है। गौरतलब है कि साल 2022 में कंपनी की वैल्यूएशन 22 बिलियन डॉलर तक पहुंच गई थी। कंपनी के हालात ऐसे हो गए कि शेयरहोल्डर्स ने रवींद्रन को CEO पद से हटाने के लिए भी वोटिंग की। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिलहाल उनकी नेटवर्थ लगभग शून्य मानी जा रही है।
