बिजनौर। बिजनौर में भाजपा नेता पर लगे गंभीर आरोपों ने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में सनसनी फैला दी है। चांदपुर क्षेत्र की एक महिला डॉक्टर ने भाजपा जिला मंत्री प्रभात यादव पर नशीला पदार्थ खिलाकर अश्लील वीडियो बनाने, ब्लैकमेल करने और लंबे समय तक मानसिक, शारीरिक व आर्थिक शोषण करने का आरोप लगाया है।
पीड़िता डॉक्टर, जो चांदपुर स्थित मदर चाइल्ड केयर हॉस्पिटल में कार्यरत हैं, ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि आरोपी प्रभात यादव अक्सर अपनी पत्नी के साथ अस्पताल आता-जाता था। धीरे-धीरे जान-पहचान बढ़ी और फिर आरोपी का घर तक आना-जाना शुरू हो गया। डॉक्टर के मुताबिक पति की मौत के बाद आरोपी सहानुभूति और मदद के बहाने करीब आने लगा।
महिला डॉक्टर का आरोप है कि करीब तीन महीने पहले प्रभात यादव अस्पताल आया और खाने-पीने की चीज में नशीला पदार्थ मिलाकर दे दिया। उसे खाने के बाद वह बेहोश हो गई। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने अस्पताल में ही उसकी आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए। जब होश आया तो वह कमरे में अकेली थी।
डॉक्टर ने बताया कि बाद में आरोपी ने उसके अश्लील फोटो और वीडियो भेजकर वायरल करने की धमकी दी। जब उसने वीडियो डिलीट करने की बात कही तो आरोपी धमकाकर पैसे मांगने लगा। पीड़िता का कहना है कि आरोपी लंबे समय तक उसे मानसिक, शारीरिक और आर्थिक रूप से प्रताड़ित करता रहा।
महिला डॉक्टर ने यह भी बताया कि उसने पूरी घटना की जानकारी अपने मायके और ससुराल पक्ष को दी। परिवार के लोगों ने आरोपी भाजपा नेता से बात करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उन्हें भी धमकाना शुरू कर दिया। इसके बाद मजबूर होकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
पीड़िता ने आरोपी से अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा की मांग भी की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए चांदपुर थाना पुलिस ने प्रभात यादव के खिलाफ कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
उधर, मामला सामने आने के बाद भाजपा संगठन ने भी कार्रवाई करते हुए आरोपी जिला मंत्री प्रभात यादव को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। बीजेपी जिलाध्यक्ष भूपेंद्र चौहान ने इसकी पुष्टि की है।
हालांकि आरोपी प्रभात यादव ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उसका कहना है कि उसे राजनीतिक और व्यक्तिगत षड्यंत्र के तहत फंसाया जा रहा है। प्रभात यादव ने कहा कि उसने कोई गलत काम नहीं किया और उसके खिलाफ लगाए गए आरोप पूरी तरह झूठे हैं।
चांदपुर थाना प्रभारी निरीक्षक राहुल सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है और महिला डॉक्टर को बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया है।
