डेढ़ वर्ष से चल रहे विकास अभियान को मिलेगी नई गति, पात्र परिवारों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश
मुरादाबाद। शहर की भातू कॉलोनी और हबूड़ा बस्ती को आदर्श कॉलोनी के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रशासन ने अब और तेजी से कदम बढ़ाने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में शहर विधायक रितेश गुप्ता, जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने क्षेत्र का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण कर विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और आधारभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने क्षेत्र में सड़क, नाली, सीवर, स्वच्छता, विद्युत व्यवस्था तथा अन्य नागरिक सुविधाओं का अवलोकन किया। जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने बताया कि पिछले लगभग डेढ़ वर्ष से विभिन्न विभागों के समन्वय से इस क्षेत्र को आदर्श कॉलोनी के रूप में विकसित करने का अभियान चलाया जा रहा है। इस अवधि में अनेक महत्वपूर्ण विकास कार्य पूरे कराए गए हैं, जिससे क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।

अवैध नशे के कारोबार पर लगी रोक
जिलाधिकारी ने कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से संचालित अवैध नशे के कारोबार के विरुद्ध प्रशासन और पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से प्रभावी कार्रवाई की गई, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था में सुधार और विकास कार्यों के चलते क्षेत्र के लोग अब मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं तथा शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए आगे आ रहे हैं।
हर पात्र परिवार तक पहुंचेगा सरकारी योजनाओं का लाभ
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी पात्र परिवार सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे। उन्होंने पूर्ति विभाग को राशन कार्ड से वंचित पात्र परिवारों का चिन्हांकन कर उन्हें खाद्यान्न सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए। वहीं समाज कल्याण विभाग को वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं के लिए पात्र व्यक्तियों का सर्वेक्षण कर लाभ दिलाने को कहा।

बेसिक शिक्षा विभाग को क्षेत्र के बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने तथा उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
जर्जर बिजली व्यवस्था पर जताई नाराजगी
निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर जर्जर विद्युत तारों और अव्यवस्थित बिजली के खंभों की स्थिति सामने आने पर जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही नगर निगम को नियमित सफाई व्यवस्था बनाए रखने, स्वच्छता अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।
विकास कार्यों की होगी साप्ताहिक निगरानी
शहर विधायक रितेश गुप्ता ने कहा कि भातू कॉलोनी और हबूड़ा बस्ती के लोगों को बेहतर जीवन स्तर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग मिलकर लगातार कार्य कर रहे हैं और क्षेत्र को मॉडल कॉलोनी के रूप में विकसित किया जा रहा है।
जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने कहा कि विकास कार्यों की गति को और तेज किया जाएगा तथा उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के लिए साप्ताहिक निरीक्षण की व्यवस्था लागू की जाएगी, ताकि प्रत्येक कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा हो सके।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (नगर), उप जिलाधिकारी सदर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
