कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर अपना पहला बड़ा प्रदर्शन शुरू किया। प्रदर्शन में हजारों समर्थक शामिल हुए, जिन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके कर रहे हैं, जो शनिवार सुबह अमेरिका से दिल्ली पहुंचे। दिल्ली पहुंचने के बाद उन्होंने हाथ में डॉ. भीमराव अंबेडकर की पुस्तक लेकर समर्थकों का अभिवादन किया और सीधे आंदोलन से जुड़ गए।
CJP का यह प्रदर्शन NEET-UG पेपर लीक, CBSE, CUET और SSC-GD समेत विभिन्न परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में आयोजित किया गया है। संगठन का आरोप है कि लगातार सामने आ रही परीक्षा संबंधी गड़बड़ियों ने लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है। इसी को लेकर पार्टी शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही तय करने और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने की मांग कर रही है। प्रदर्शन को शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए पार्टी ने समर्थकों के लिए विशेष दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं, जिनमें पानी साथ रखने, धूप से बचाव करने, पुस्तक और तिरंगा लेकर आने जैसी अपीलें शामिल हैं।
