एशिया कप 2025 के सुपर-4 की जंग में भी टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 6 विकेट से पटखनी दी. ग्रुप मुकाबले में भारत ने 7 विकेट से जीत हासिल की थी. पाकिस्तान की टीम ने पहले बैटिंग करते हुए भारत के सामने 172 रनों का लक्ष्य रखा था. इसके जवाब में उतरी भारतीय टीम ने 19वें ओवर में ही जीत हासिल कर ली. अभिषेक शर्मा ने 39 गेंद में 74 रनों की तूफानी पारी खेली. गिल फिफ्टी से चूक गए. वह 47 रन बनाकर आउट हुए. लेकिन दोनों के बीच शतकीय साझेदारी हुई.
172 रनों के जवाब में गिल और अभिषेक शर्मा बतौर सलामी बल्लेबाज उतरे. अभिषेक ने पहली ही गेंद पर छक्का जड़ा. पहले ओवर में शाहीन ने 9 रन दिए. लेकिन इसके बाद भारतीय ओपनर्स ने पाकिस्तानी गेंदबाजों को आड़े हाथों लिया. दोनों ओर से छक्के-चौकों की बरसात हुई. 5 ओवर में भारत का स्कोर 55-0 था. 9वें ओवर में ही भारत का शतक पूरा हो गया. अभिषेक ने महज 24 गेंदों पर फिफ्टी लगाई. लेकिन 10वें ओवर में टीम इंडिया को पहला झटका लगा जब गिल 47 रन बनाकर आउट हुए. लेकिन कप्तान सूर्या अपना खाता नहीं खोल सके और 11वें ओवर में आउट हो गए. 13वें ओवर में भारत को तीसरा झटका लगा जब अभिषेक 74 रन बनाकर आउट हुए. अभिषेक ने अपनी पारी में 5 छक्के और 6 चौके लगाए. इसके बाद तिलक-सैमसन ने पारी को संभालने की कोशिश की. लेकिन 17वें ओवर में भारत को चौथा झटका लगा, जब सैमसन 13 रन बनाकर आउट हुए.
