मुरादाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लोक भवन सभागार, लखनऊ से वर्चुअल माध्यम से नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के लिए समर्पित ‘मिशन शक्ति-5.0’ का शुभारंभ, करने के अवसर पर NIC सभागार मुरादाबाद में आदरणीय मंडलायुक्त आन्जनेय सिंह, डीआईजी जी मुनिराज, एसएसपी सतपाल अंतिल, सीडीओ मृणाली अविनाश जोशी, बीएसए विमलेश कुमार जी एवं एमएलसी सत्यपाल सिंह सैनी, गोपाल अंजान और जयपाल सिंह व्यस्त द्वारा मंडल स्तर पर योग के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने पर मुरादाबाद की दीप्ती ग्रेवाल सहायक अध्यापिका कंपोजिट स्कूल डिडौरा को सम्मानित किया गया।

दरअसल एक सड़क दुर्घटना के बाद करीब 40 दिन तक कोमा में रही दीप्ती की कहानी उनके जीवट और संघर्षों को बयां करने के साथ ही दूसरी महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
कोमा से उबरकर योग के लिए अपना जीवन समर्पित कर चुकी सुश्री दीप्ती ग्रेवाल कंपोजिट स्कूल डिडौरा में योग एवं शारीरिक शिक्षा की सहायक अध्यापिका हैं। इनके द्वारा स्कूली छात्र-छात्राओं को योग एवं शारीरिक शिक्षा से जोड़ने के लिए अभिनव प्रयास किए गए हैं। अभी तक 20 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं का योग का प्रशिक्षण प्रदान कर चुकी हैं। इनके द्वारा प्रशिक्षत एक छात्रा छात्रा योग की नेशनल लेवल प्रतियोगितता में जनपद एवं प्रदेश का नाम रोशन कर रही है। जबकि कई छात्र-छात्राएं मंडल एवं प्रदेश स्तर पर मेडल प्राप्त कर चुके हैं। इनके अभिनव प्रयासों से परिषदीय विद्यालयों में नियमित योगाभ्यास के प्रति जागरूकता बढ़ी है। इनके द्वारा शिविर लगाकर स्कूल में छात्राओं को सेल्फ डिफेंस का प्रशिक्षण भी प्रदान किया जा रहा है।

इनके द्वारा यूपी पुलिस आरक्षी भर्ती-2025 के मुरादाबाद पीएसी ग्राउंड पर हुए महिला अभ्यर्थियों के फिजिकल टेस्ट (दौड़) के दौरान 7 दिवस तक मेडिकल/फिजियो टीम का हिस्सा बनकर भर्ती बोर्ड को अपना सहयोग प्रदान किया गया। इनके योगदान के लिए इन्हें मुरादाबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री सतपाल अंतिल द्वारा सम्मानित कर प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया है। मुरादाबाद की महिला एनसीसी कैड्ट्स एवं महिला पुलिस कर्मियों को पुलिस लाइन में विशेष शिविर लगाकर योग का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। आर्थिंक रूप से कमजोर 5 छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए इन्होंने गोद लिया है, जिनकी पढ़ाई का समस्त खर्च (स्कूल फीस, यूनिफॉर्म, पुस्तकें, स्टेशनरी, स्कूल आने जाने का वाहन व्यय आदि) इनके द्वारा व्यक्तिगत रूप से स्वयं वहन किया जा रहा है।
दीप्ती स्वयं भी 2019 की एशियन योग प्रतियोगिता में भारतीय टीम में शामिल रहकर देश का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। इन्हें 2018 में फिजिकल एजुकेशन फांडेशन ऑफ इंडिया (PEFI) की ओर से बेस्ट फीमेल योग शिक्षिका का अवार्ड मिल चुका है। देश के प्रशिद्ध खेल संस्थान नेताजी सुभाष नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोर्टस से इन्होंने योग कोच का प्रशिक्षण प्राप्त किया है। 2010 में दिल्ली में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय खेल प्राधिकरण की ओर से इन्हें टीम जापान, चीन और आस्ट्रेलिया के साथ टीम लाइजन ऑफिसर के रूप में जिम्मेदारी दी गई। एशियन चैंपियनशिप में भी भारतीय खेल प्राधिकरण की ओर से इन्हें टीम लाइजन ऑफिसर के रूप में नियुक्त किया गया।

बेसिक शिक्षा परिषद की योगाभ्यास प्रतियोगिताओं में 5 बार प्रदेश स्तर पर एवं इतनी ही बार जनपद स्तर पर गोल्ड मेडल हासिल कर चुकी हैं। प्रदेश एवं स्थानीय स्तर पर अपने अनूठे प्रयासों के लिए विभिन्न मंचों से सम्मानित हो चुकी हैं।
सुश्री दीप्ती ग्रेवाल ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में अपनी प्रतिभा एवं अभिनव प्रयासों से देश, प्रदेश तथा जनपद में एक उदाहरण स्थापित किया है।
