मुरादाबाद। चर्चित और विवादों में घिरे स्कॉलर्स डेन कोचिंग इंस्टीट्यूट की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। एक तरफ करोड़ों के कारोबार और बड़े-बड़े दावों की तस्वीर पेश करने वाला संस्थान अब अपने ही कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों के वेतन संकट के आरोपों से घिर गया है। हालात ऐसे बताए जा रहे हैं कि संस्थान में काम करने वाले सुरक्षा कर्मी अपनी मेहनत की कमाई के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं।

सैलरी शीट क्लियर करने में बहाने बना रहे हैं विवेक ठाकुर और संस्थान
सुरक्षा कर्मियों का आरोप है कि जून का आधा महीना बीतने को है, लेकिन उन्हें अब तक वेतन नहीं मिला है। उनका कहना है कि वेतन जारी होने के लिए आवश्यक सैलरी शीट पर संस्थान प्रबंधन द्वारा सत्यापन नहीं किया जा रहा है। जब भी कर्मचारी इस संबंध में पूछते हैं तो उन्हें अलग-अलग बहाने बनाकर टाल दिया जाता है।
शनिवार को संस्थान के बाहर प्रदर्शन करते हुए कर्मचारियों ने बताया कि कई बार संस्थान के संचालक विवेक ठाकुर तक यह बात पहुंचाई गई, लेकिन समाधान के बजाय केवल आश्वासन मिला। सुरक्षा कर्मियों का कहना है कि उन्हें बताया जाता रहा कि “देख लेंगे”, “बाद में कर देंगे” या “स्टाफ से कह देंगे”, लेकिन वेतन आज तक जारी नहीं हो सका।

सुरक्षा कर्मियों के सामने आजीविका का संकट, बढ़ रहा आक्रोश
वेतन न मिलने से कर्मचारियों के सामने परिवार का खर्च चलाने तक का संकट खड़ा हो गया है। उनका कहना है कि कई महीनों से वेतन संबंधी समस्याएं लगातार बनी हुई हैं और अब स्थिति असहनीय होती जा रही है। बच्चों की फीस से लेकर दवा दारू तक के लिए सुरक्षा गार्ड्स के पास पैसे नहीं है, जिसको लेकर उनमें आक्रोश पनप रहा है।
सागर सिक्योरिटीज की संचालिका ने विवेक ठाकुर पर कराया है 35 लाख रुपए का बकाया न देने का मुकदमा
गौरतलब है कि यही सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने वाली कंपनी सागर सिक्योरिटीज की संचालिका रमा भारद्वाज पहले ही स्कॉलर्स डेन के संचालक विवेक ठाकुर के खिलाफ लगभग 35 लाख रुपये के बकाये को लेकर थाना कटघर में एफआईआर दर्ज करा चुकी हैं।
हवाई टिकटों का भुगतान न करने पर हेमंत मल्होत्रा ने भी विवेक ठाकुर के खिलाफ कराई है FIR
यही नहीं, मल्होत्रा टूरिस्ट कंपनी के हेमंत मल्होत्रा की ओर से भी करीब 10 लाख रुपये के भुगतान न करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में थाना सिविल लाइंस में एक अन्य मुकदमा दर्ज कराया गया है। इन मामलों के सामने आने के बाद से विवेक ठाकुर सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए हैं और उन्हें लेकर तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं।
मुरादाबाद विकास प्राधिकरण कभी भी कर सकता है सीलिंग की कार्रवाई
उधर मुरादाबाद विकास प्राधिकरण भी स्कॉलर्स डेन पर कार्रवाई की तैयारी में है। प्राधिकरण द्वारा संस्थान को नोटिस जारी कर भवन उपयोग संबंधी अनियमितताओं का हवाला देते हुए सीलिंग की प्रक्रिया शुरू किए जाने की बात सामने आ चुकी है।
सवाल यह है कि जिस संस्थान में हजारों छात्रों के भविष्य को संवारने के दावे किए जाते हैं, वहां अपने ही कर्मचारियों को समय पर वेतन क्यों नहीं मिल पा रहा? आखिर वेतन सत्यापन में देरी किसके निर्देश पर हो रही है? और क्या लगातार बढ़ते विवाद स्कॉलर्स डेन की साख पर अंतिम चोट साबित होंगे? फिलहाल इन सवालों के जवाब का इंतजार है, लेकिन इतना तय है कि स्कॉलर्स डेन के चारों ओर घिरता विवादों का घेरा अब पहले से कहीं ज्यादा बड़ा और गहरा होता जा रहा है@शांतनु/INN
