समाजवादी पार्टी के सीनियर नेता आजम खान 23 महीने के बाद जेल से रिहा हो गए हैं. उत्तर प्रदेश की सीतापुर जेल से उनकी रिहाई हुई है. आजम खान के खिलाफ दर्ज 72 मुकदमों में रिहाई के आदेश सीतापुर जेल को मिले थे. कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें रिहा किया गया है.
आज़म ख़ान के सीतापुर जेल से रिहा होते ही घर में शुरू हुईं स्वागत की तैयारियां. गेट पर लगाई गईं लाइटें.
सपा नेता आजम खान की सीतापुर जेल से रिहाई पर अखिलेश यादव ने खुशी जाहिर की है. उन्होंने कहा कि मैं कोर्ट को धन्यवाद देता हूं. हमें उम्मीद थी कि कोर्ट न्याय करेगा. आखिरकार आजम खान साहब जेल से बाहर आ गए हैं. हमारी सरकार बनी तो उनपर और समाजवादियों पर लगे सारे मुकदमे वापस होंगे. वहीं, खुद आजम ने जेल से बाहर आने पर कहा कि बहुत खुशी है, जिस-जिस ने मेरे लिए दुआ की उसके लिए शुक्रिया, जिन्होंने मदद की उनका भी शुक्रिया. बता दें कि मंगलवार को समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान 23 महीने बाद सीतापुर जेल से रिहा हो गए हैं. जेल से बाहर आते ही उन्होंने गाड़ी में बैठे-बैठे हाथ हिलाकर समर्थकों का अभिवादन किया. इस दौरान जेल के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात था और उनके बड़े बेटे के साथ कुछ अन्य परिजन भी मौजूद थे.
आजम खान अपने परिवार के साथ सीधे रामपुर के लिए रवाना हो गए हैं. सुरक्षा कारणों से वह जेल के मुख्य गेट के बजाय दूसरे गेट से बाहर निकले. उनके काफिले में पुलिस की गाड़ियां भी शामिल थीं. पुलिस सूत्रों के अनुसार, आजम का काफिला जिन जिलों और क्षेत्रों से होकर गुजरेगा, वहां की पुलिस को भी अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं.
