मुरादाबाद। महानगर युवक कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष अरमान खुर्शीद ने जनहित के मुद्दों को लेकर जल्द ही बड़े स्तर पर जनआंदोलन छेड़ने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि आम जनता आज बिजली संकट, महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रही है और युवक कांग्रेस इन मुद्दों को मजबूती के साथ उठाएगी।

गांधीनगर स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान अरमान खुर्शीद ने मीडिया से बातचीत करते हुए अपनी प्राथमिकताओं और आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के साथ-साथ युवाओं को जोड़ना और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
बिजली संकट को लेकर शासन तक पहुंचेगी आवाज
पत्रकार वार्ता में अरमान खुर्शीद ने कहा कि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही हैं। आम लोगों को भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है। इसी विषय को लेकर जल्द ही जिला प्रशासन के माध्यम से शासन को ज्ञापन भेजने की योजना पर गंभीरता से विचार किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो युवक कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन का रास्ता भी अपनाएगी।
राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व का जताया आभार
नवनियुक्त अध्यक्ष ने युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पारस शुक्ला तथा राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उस पर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और युवाओं को संगठन से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे।

पिता की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प
अरमान खुर्शीद ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जिलाध्यक्ष असलम खुर्शीद ने वर्षों तक जनता की सेवा और संगठन को मजबूत करने का कार्य किया है। वह उनकी राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए जनसेवा और जनसंघर्ष के मार्ग पर कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन के कार्यकर्ताओं की अपेक्षाओं और युवाओं की भावनाओं के अनुरूप संघर्ष की नई दिशा तय की जाएगी।
महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार पर सरकार को घेरने की तैयारी
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में महंगाई लगातार बढ़ रही है, युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा और भ्रष्टाचार आम लोगों की परेशानी का कारण बना हुआ है। युवक कांग्रेस इन मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी और जनता के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा आम आदमी की आवाज रही है और आगे भी इसी भूमिका को मजबूती से निभाएगी।

कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत
पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल दिखाई दिया। नवनियुक्त अध्यक्ष अरमान खुर्शीद का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया तथा उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं दी गईं। कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में महानगर युवक कांग्रेस और अधिक सक्रिय होकर जनता के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाएगी।
कई वरिष्ठ कांग्रेसी नेता रहे मौजूद
इस अवसर पर कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष असलम खुर्शीद, अनूप दुबे, विवेक गुप्ता, भयंकर सिंह बौद्ध, अकरम खां, पार्टी प्रवक्ता सुधीर पाठक, अफजल साबरी, विवेक सागर, मोहतशीम मुख्तार, पार्षद राशिद अंसारी, परवेज अंसारी, फैसल, अकरम, नाजिम मलिक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
“जनता के मुद्दों पर होगा संघर्ष, युवाओं को मिलेगी नई दिशा”
पत्रकार वार्ता के अंत में अरमान खुर्शीद ने कहा कि युवक कांग्रेस केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि जनता से जुड़े हर मुद्दे पर सक्रिय भूमिका निभाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाकर जनहित की लड़ाई को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा@शांतनु/INN
