मोदी सरकार में केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनका राज्यसभा कार्यकाल समाप्त होने के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री की सलाह पर उनका इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया।
जॉर्ज कुरियन केंद्र सरकार में अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय के साथ-साथ मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय में राज्य मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे। हाल ही में हुए राज्यसभा चुनावों में बीजेपी ने उन्हें दोबारा राज्यसभा नहीं भेजा, जिसके चलते उनका संसदीय कार्यकाल समाप्त हो गया और उन्होंने मंत्री पद छोड़ दिया।
केरल के कोट्टायम निवासी जॉर्ज कुरियन लंबे समय से बीजेपी से जुड़े रहे हैं। वे पेशे से सुप्रीम कोर्ट के वकील हैं और इससे पहले राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। मोदी सरकार में वे ईसाई समुदाय से आने वाले प्रमुख चेहरों में शामिल थे।
गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू का राज्यसभा कार्यकाल भी समाप्त हो चुका है, लेकिन वे फिलहाल मंत्री पद पर बने हुए हैं। वहीं जॉर्ज कुरियन ने कार्यकाल समाप्त होने के अगले ही दिन अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
