मुरादाबाद। नगर निगम के सेवा पखवाड़ा अभियान के अंतर्गत सोमवार को वार्ड संख्या 56 में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। कार्यक्रम का उद्देश्य वार्ड स्तर पर जनता की शिकायतें सुनकर उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित करना रहा।

जनसंवाद में पार्षद शमशेर अली, राजस्व निरीक्षक सतीश कुमार, टैक्स कलेक्शन विभाग से राकेश कुमार और शमशाद हुसैन सहित नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने नागरिकों की शिकायतें गंभीरता से सुनते हुए संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
बैठक के दौरान सबसे अधिक शिकायतें हाउस टैक्स और वॉटर टैक्स से संबंधित दर्ज की गईं। लोगों ने कर निर्धारण में गड़बड़ियां, बकाया बिलों की त्रुटियां और रिकॉर्ड दुरुस्त कराने की मांग रखी। अधिकारियों ने प्रत्येक मामले की जांच कर नियमानुसार समाधान कराने का आश्वासन दिया।
क्षेत्रवासियों ने सड़क, नालियों और सफाई व्यवस्था की बदहाल स्थिति पर भी नाराजगी जाहिर की। उनका कहना था कि कई स्थानों पर नालियां चोक होने से बारिश के दौरान जलभराव की समस्या पैदा होती है, जबकि कई सड़कें मरम्मत की प्रतीक्षा कर रही हैं। नियमित सफाई और समय पर कूड़ा उठान की व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की मांग भी उठाई गई।
इसके अलावा नागरिकों ने पेयजल आपूर्ति और स्ट्रीट लाइट से जुड़ी समस्याएं भी अधिकारियों के सामने रखीं। कई लोगों ने पानी की अनियमित सप्लाई और कम प्रेशर की शिकायत की, जबकि खराब स्ट्रीट लाइटों को जल्द ठीक कराने की मांग की गई। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी करते हुए त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिया।
नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि सेवा पखवाड़ा अभियान का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का वार्ड स्तर पर ही समाधान करना और प्रशासन व जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे जनसंवाद कार्यक्रमों से शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया अधिक प्रभावी और तेज हो रही है।
कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने भी सक्रिय भागीदारी की। उपस्थित लोगों ने नगर निगम की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जनसंवाद जैसे आयोजन आम जनता को अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों तक पहुंचाने का बेहतर अवसर उपलब्ध कराते हैं@शांतनु/INN
