मुरादाबाद/लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजनीति में समाजवादी पार्टी के भीतर एक बार फिर हलचल तेज़ होती दिखाई दे रही है। मुरादाबाद जनपद की कांठ विधानसभा सीट से विधायक कमाल अख़्तर द्वारा उत्तर प्रदेश विधानमंडल में मुख्य सचेतक (चीफ व्हिप) के पद से इस्तीफा दिए जाने की खबर राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है।
सूत्रों के अनुसार, पिछले कुछ समय से मुरादाबाद से समाजवादी पार्टी की सांसद रुचि वीरा और विधायक कमाल अख़्तर के बीच मतभेद की चर्चाएं लगातार सामने आ रही थीं। बताया जाता है कि हाल ही में इस मुद्दे को लेकर लखनऊ में पार्टी आलाकमान ने दोनों नेताओं के साथ बैठक भी की थी, ताकि विवाद को सुलझाया जा सके।
इसी बीच मुख्य सचेतक पद से कमाल अख़्तर के इस्तीफे की खबर सामने आने के बाद इन अटकलों को और बल मिला है। हालांकि, इस्तीफे के पीछे क्या कारण हैं, इसे लेकर समाजवादी पार्टी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव नज़दीक होने के कारण पार्टी के भीतर किसी भी तरह की गुटबाज़ी या मतभेद का असर संगठन और चुनावी रणनीति पर पड़ सकता है। ऐसे में यह घटनाक्रम सपा के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
फिलहाल विधायक कमाल अख़्तर लखनऊ में बताए जा रहे हैं, जबकि सांसद रुचि वीरा भी मुरादाबाद में मौजूद नहीं हैं। इस कारण दोनों नेताओं का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका है।
गौरतलब है कि कमाल अख़्तर के मुख्य सचेतक पद से इस्तीफा देने की खबर की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पार्टी की ओर से पुष्टि या संबंधित नेताओं का पक्ष सामने आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
