मुरादाबाद। मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (एमडीए) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को थाना पाकबड़ा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में एक बैंक्वेट हॉल, एक मैरिज हॉल और 18 निर्माणाधीन दुकानों को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान बुलडोजर भी मौके पर तैनात रहा और पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला।
एमडीए अधिकारियों के अनुसार, चर्च रोड स्थित स्टार लाइट बैंक्वेट हॉल का निर्माण बिना आवश्यक स्वीकृति के किए जाने पर उसे सील कर दिया गया। इसके अलावा रतनपुर भूड़ चौराहे पर इस्लामी मदरसे के सामने संचालित ख्वाजा मैरिज हॉल के विरुद्ध भी सीलिंग की कार्रवाई की गई।

इसी अभियान के दौरान डीगरपुर रोड, रतनपुर कला क्षेत्र में लगभग 500 वर्गमीटर भूमि पर बिना स्वीकृत मानचित्र के बनाई जा रही 18 दुकानों को भी प्राधिकरण ने सील कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि संबंधित निर्माण कार्य विकास प्राधिकरण की अनुमति के बिना किए जा रहे थे, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई।
एमडीए ने स्पष्ट किया है कि शहर और आसपास के क्षेत्रों में अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। बिना मानचित्र स्वीकृति अथवा प्राधिकरण की अनुमति के किए जा रहे किसी भी निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस अभियान में एमडीए के अवर अभियंता देवेंद्र यादव, सोनवीर सिंह और आयुष राजपूत सहित प्रवर्तन दल के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। वहीं, किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था।
