मुरादाबाद। भारतीय जनता पार्टी के जिला संगठन द्वारा गुरुवार को ठाकुरद्वारा विधानसभा क्षेत्र स्थित व्हाइट हाउस बैंक्विट हॉल में जिला कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में संगठन की मजबूती, बूथ सशक्तिकरण और आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा उत्तर प्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी राजेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक और कार्यकर्ता आधारित संगठन है। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया का महत्वपूर्ण सहभागी है और ‘राष्ट्र प्रथम, संगठन सर्वोपरि एवं सेवा ही संगठन’ की भावना के साथ कार्य करता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार ने जनकल्याण, सुशासन, सुरक्षा, किसान हित, महिला सशक्तिकरण और युवा विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। इन उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी प्रत्येक कार्यकर्ता की है।

राजेश यादव ने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए बूथ स्तर तक संगठन को और मजबूत बनाने, नए सदस्यों को जोड़ने, लाभार्थियों एवं समाज के सभी वर्गों से निरंतर संवाद बनाए रखने तथा सरकार की योजनाओं को घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अनुशासित और समर्पित कार्यकर्ता ही संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते हैं।

क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश सिंघल ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति उसका समर्पित कार्यकर्ता है। उन्होंने बूथ स्तर की मजबूती को चुनावी सफलता की आधारशिला बताते हुए कार्यकर्ताओं से समाज के प्रत्येक वर्ग के बीच सक्रिय रहने और संगठन की विचारधारा का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष आकाश कुमार पाल ने कहा कि संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने और जनता के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने की अपील की।
सम्मेलन के अंत में कार्यकर्ताओं ने संगठन की नीतियों और नेतृत्व के प्रति विश्वास व्यक्त करते हुए आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों एवं चुनावी तैयारियों में पूरी निष्ठा और ऊर्जा के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक मयूर भाटिया ने किया।
सम्मेलन में पूर्व जिलाध्यक्ष ठाकुर राकेश सिंह, राजपाल सिंह चौहान, सुरेश सैनी, अजय प्रताप सिंह, परमेश्वर लाल सैनी, चौधरी हुकुम सिंह, आचार्य नरेंद्र, गजेंद्र पाल सिंह, नवीन चौधरी, आदित्य शंख्यधर, ओमपाल सैनी, जिला मीडिया प्रभारी संजय ढाका, जिला उपाध्यक्ष गजेंद्र चौधरी, चकित चौधरी, डॉ. यशवीर सिंह, कशिश चौहान, ब्लॉक प्रमुख वीर सिंह सैनी, श्याम रुहेला, दिव्यांश बिश्नोई सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता उपस्थित रहे@जफर/INN
