मुरादाबाद। नगर निगम की कार्यकारिणी समिति के गठन की प्रक्रिया गुरुवार को टाउन हॉल स्थित निगम सभागार में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद छह पार्षदों को कार्यकारिणी समिति का सदस्य घोषित किया गया, जिसके साथ ही नगर निगम की नई कार्यकारिणी का औपचारिक गठन हो गया।

निर्वाचित सदस्यों में भारतीय जनता पार्टी से वार्ड-7 के पंकज शर्मा, वार्ड-15 की राखी, वार्ड-17 की कमला वर्मा और वार्ड-67 के मोहित गौड़ शामिल हैं। वहीं कांग्रेस की ओर से वार्ड-50 के शकील अहमद तथा वार्ड-68 के नदीम अंसारी कार्यकारिणी समिति के सदस्य चुने गए।

चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद महापौर विनोद अग्रवाल ने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि नई कार्यकारिणी नगर निगम की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के साथ शहर के विकास कार्यों को गति देने में अहम भूमिका निभाएगी।

महापौर ने कहा कि नगर हित सर्वोपरि है और सभी निर्वाचित सदस्यों को राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर जनहित के मुद्दों पर एकजुट होकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कार्यकारिणी समिति शहर के विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार और लंबित परियोजनाओं को आगे बढ़ाने में सकारात्मक सहयोग देगी@शांतनु/INN
