मुरादाबाद। जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने जनपद के समस्त अधिकारियों को शासन स्तर से प्राप्त निर्देशों तथा आमजन की शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि अधिकारियों को शासन के निर्देशों के अनुपालन हेतु समय-समय पर निर्देशित भी किया गया है, इसके बावजूद यह पाया गया है कि अनेक प्रकरणों में निर्देशों का पूर्ण रूप से पालन नहीं किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन एवं उच्चाधिकारियों द्वारा जारी महत्वपूर्ण निर्देशों एवं शिकायतों का निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता पर किया जाए तथा प्रत्येक प्रकरण में अधिकारी स्वयं रुचि लेकर कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण प्रथम अवसर पर ही तथ्यों के आधार पर गुणवत्ता के साथ किया जाए, जिससे पुनः शिकायत की स्थिति उत्पन्न न हो। साथ ही किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा निर्देशों की अवहेलना पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी संबंधित अधिकारी की होगी।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि जनसुनवाई के समय सभी अधिकारी अपने कार्यालय में उपस्थित रहकर फरियादियों की समस्याएं सुनें। जनसुनवाई के दौरान बिना अनुमति अन्यत्र अनुपस्थित रहने की प्रवृत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि केवल वही अधिकारी जनसुनवाई से अनुपस्थित रहेंगे, जिन्हें पूर्व से स्पष्ट रूप से अन्यत्र कार्य हेतु नामित किया गया हो।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करते हुए शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी, संवेदनशील एवं जवाबदेह कार्यशैली अपनाने के निर्देश दिए।
