मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश शासन ने सोमवार को प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव करते हुए मुरादाबाद समेत कई जिलों के डिप्टी कलेक्टरों के तबादले किए हैं। इस फेरबदल के तहत मुरादाबाद में तैनात तीन डिप्टी कलेक्टरों का स्थानांतरण किया गया है, जबकि संभल में कार्यरत उपजिलाधिकारी वंदना मिश्रा को मुरादाबाद भेजा गया है।
जारी तबादला सूची के अनुसार, मुरादाबाद में कार्यरत अमित सिंह का स्थानांतरण सहारनपुर कर दिया गया है। वहीं संतदास पंवार को लखीमपुर खीरी भेजा गया है। प्रीति सिंह को सहायक निदेशक, सूडा (लखनऊ) के पद पर नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शासन ने संभल जिले की उपजिलाधिकारी वंदना मिश्रा को मुरादाबाद में नई तैनाती दी है। वंदना मिश्रा अपने प्रशासनिक कार्यों और सख्त कार्यशैली के लिए जानी जाती हैं। संभल में तैनाती के दौरान उन्होंने अतिक्रमण हटाने सहित कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक अभियानों का नेतृत्व किया था।
इसके अलावा प्रशासनिक फेरबदल के तहत अमित सिंह को अमेठी से मुरादाबाद भेजा गया है। वहीं डिप्टी कलेक्टर वेद प्रकाश पांडेय का स्थानांतरण गौतमबुद्ध नगर कर दिया गया है।
प्रदेश सरकार के इस व्यापक तबादला अभियान को प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। मुरादाबाद में नए अधिकारियों की तैनाती के बाद प्रशासनिक कार्यों में नई गति आने की उम्मीद जताई जा रही है।
