मुरादाबाद। जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला विद्यालय यान समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के सभी स्कूली वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था, फिटनेस, चालक सत्यापन तथा सड़क सुरक्षा मानकों के प्रभावी अनुपालन की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने एआरटीओ आनंद निर्मल को निर्देश दिए कि जनपद में संचालित सभी स्कूली बसों का शत-प्रतिशत फिटनेस सत्यापन अभियान चलाकर शीघ्र पूरा किया जाए, जिससे विद्यार्थियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित हो सके।

डीएम ने निर्देशित किया कि प्रत्येक विद्यालय में सड़क सुरक्षा क्लब का अनिवार्य रूप से गठन किया जाए तथा छात्र-छात्राओं को नियमित रूप से यातायात एवं सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि सभी स्कूली वाहन चालकों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराया जाए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर विद्यालयवार सभी चालकों का स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया जाए।

बैठक में मौजूद विभिन्न विद्यालयों के संचालकों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि 18 वर्ष से कम आयु के विद्यार्थी मोटरसाइकिल, स्कूटी या अन्य दोपहिया वाहन चलाकर विद्यालय आते पाए गए, तो संबंधित विद्यालय प्रबंधन की भी जिम्मेदारी तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी रीना वालिया, जिला विद्यालय निरीक्षक रितु तोमर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं विद्यालय संचालक उपस्थित रहे@शांतनु/INN
