मुरादाबाद। जनपद में स्कूल चलो अभियान (द्वितीय चरण) को गति देने के उद्देश्य से मंगलवार को पंचायत भवन (कम्पनी बाग) परिसर से भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह एवं जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया और 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग के प्रत्येक पात्र बच्चे का विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है और यह समाज के हर वर्ग की जिम्मेदारी है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने अधिकारियों, शिक्षकों और अभिभावकों से अपील की कि स्कूल चलो अभियान को जन-आंदोलन का रूप देकर हर बच्चे का विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा विकसित समाज और सशक्त राष्ट्र की आधारशिला है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील करते हुए बताया कि परिषदीय विद्यालयों में सरकार की ओर से निःशुल्क पाठ्य-पुस्तकें, यूनिफॉर्म, मध्यान्ह भोजन, डीबीटी के माध्यम से विभिन्न लाभ तथा ऑपरेशन कायाकल्प के तहत बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है। इन योजनाओं का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण और समावेशी शिक्षा पहुँचाना है।

पंचायत भवन से प्रारंभ हुई जागरूकता रैली गंज गुरहट्टी और ताड़ीखाना मार्ग से होते हुए पारकर इंटर कॉलेज पहुँची, जहाँ इसका समापन हुआ। रैली में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए शिक्षा जागरूकता संबंधी स्लोगन लिखी तख्तियों के माध्यम से लोगों को बच्चों का नामांकन कराने और नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं शिक्षकों ने परिषदीय विद्यालयों में उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं की जानकारी देते हुए कहा कि शिक्षकों का लक्ष्य बच्चों का सर्वांगीण विकास और उनके उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करना है।
कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि स्कूल चलो अभियान को जन-जन तक पहुँचाकर जनपद में शत-प्रतिशत नामांकन का लक्ष्य हर हाल में पूरा किया जाएगा। यह अभियान शिक्षा के अधिकार को मजबूत करने और प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है@शांतनु/INN
