मुरादाबाद। जनपद पुलिस की महिला कर्मियों ने खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर मुरादाबाद पुलिस का नाम रोशन किया है। मंगलवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह एवं पुलिस अधीक्षक यातायात सुभाष चंद्र गंगवार के साथ महिला मुख्य आरक्षी पुष्पा चाहर एवं महिला मुख्य आरक्षी रमा यादव को उनकी उत्कृष्ट खेल उपलब्धियों के लिए सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने दोनों महिला पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां न केवल मुरादाबाद पुलिस बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश पुलिस बल के लिए गौरव का विषय हैं। उन्होंने कहा कि खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन अनुशासन, समर्पण और कड़ी मेहनत का परिचायक है तथा ऐसे खिलाड़ी अन्य कर्मियों के लिए भी प्रेरणा स्रोत बनते हैं।
पावर लिफ्टिंग में जीता रजत पदक
महिला मुख्य आरक्षी पुष्पा चाहर ने करनाल (हरियाणा) में आयोजित ऑल इंडिया भारोत्तोलन क्लस्टर की पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता के 69 किलोग्राम वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक (सिल्वर मेडल) हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि की अधिकारियों ने सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
रमा यादव ने जीते 6 स्वर्ण और 2 रजत पदक
वहीं महिला मुख्य आरक्षी रमा यादव ने जनपद रामपुर में आयोजित अन्तरजनपदीय बैडमिंटन क्लस्टर के अंतर्गत महिला वर्ग की टेबल टेनिस ऑल ओवर चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए 06 स्वर्ण पदक अपने नाम किए। इसके अलावा उन्होंने बैडमिंटन डबल्स प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए 02 रजत पदक हासिल किए।
अधिकारियों ने बढ़ाया हौसला
सम्मान समारोह के दौरान पुलिस अधिकारियों ने दोनों खिलाड़ियों को स्मृति चिन्ह एवं शुभकामनाएं प्रदान करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग अपने खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग प्रदान करेगा, जिससे वे राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक उपलब्धियां हासिल कर सकें।
मुरादाबाद पुलिस परिवार ने दोनों महिला मुख्य आरक्षियों की इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की@जफर/INN
