मुरादाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद सतपाल अंतिल ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात सुभाष चंद्र गंगवार के साथ जिला अपराध अभिलेख ब्यूरो (डीसीआरबी) कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय में संचालित विभिन्न कार्यों, अभिलेखों के रखरखाव तथा लंबित प्रकरणों की गहन समीक्षा की गई।
एसएसपी ने कार्यालय में रखे जाने वाले अपराध संबंधी अभिलेखों, रजिस्टरों तथा अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सभी अभिलेखों को व्यवस्थित, अद्यतन एवं त्रुटिरहित रखा जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर सूचनाएं तुरंत उपलब्ध कराई जा सकें।
निरीक्षण के दौरान लंबित कार्यों की प्रगति का भी जायजा लिया गया। एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार के लंबित प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि डीसीआरबी पुलिस व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण अंग है और यहां उपलब्ध रिकॉर्ड की शुद्धता एवं अद्यतन स्थिति अपराध नियंत्रण एवं विवेचना की दृष्टि से अत्यंत आवश्यक है।

पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात सुभाष चंद्र गंगवार ने भी कार्यालय की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए कर्मचारियों को अभिलेखों के डिजिटलीकरण, नियमित अपडेट तथा कार्यालयीय अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड प्रबंधन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यालय की व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए आवश्यक सुधारात्मक सुझाव भी दिए। साथ ही कर्मचारियों को शासन एवं पुलिस मुख्यालय द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य करने, अभिलेखों का सुव्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित करने तथा कार्यालय की कार्यक्षमता को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस प्रकार के नियमित निरीक्षणों का उद्देश्य कार्यालयों की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाना है, जिससे अपराध संबंधी सूचनाओं का बेहतर प्रबंधन हो सके और पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके@जफर/INN
