मुरादाबाद। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित किसान दिवस में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए किसानों ने खाद वितरण, गन्ना भुगतान और कृषि विभाग से जुड़ी अन्य समस्याओं को जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया के समक्ष रखा। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तय समय सीमा में प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में किसानों ने खाद वितरण में पारदर्शिता नहीं होने की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने जिला कृषि अधिकारी और सहायक निबंधक, सहकारिता को शासन की गाइडलाइन का पूरी तरह पालन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खाद वितरण प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी होनी चाहिए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गन्ना किसानों ने चीनी मिलों पर बकाया भुगतान का मुद्दा भी उठाया। जिला गन्ना अधिकारी ने बताया कि बिलारी चीनी मिल पर 7.46 करोड़ रुपये और बेलवाड़ा चीनी मिल पर 14.22 करोड़ रुपये का भुगतान लंबित है। इस पर जिलाधिकारी ने दोनों चीनी मिलों के अधिकारियों को बकाया भुगतान की अद्यतन रिपोर्ट और कार्ययोजना के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को जल्द राहत मिल सके।

किसान दिवस में कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को आधुनिक खेती, उन्नत बीजों के उपयोग, संतुलित उर्वरक प्रबंधन और वैज्ञानिक कृषि तकनीकों की जानकारी देते हुए उत्पादन बढ़ाने के उपाय बताए।
बैठक में कृषि, गन्ना, सहकारिता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे@शांतनु/INN
