मुरादाबाद। भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए रामगंगा नदी में नहाने गए चार दोस्त मंगलवार को नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गए। घटना सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मोरा की मिलक स्थित रामगंगा नदी किनारे की है।

सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी सिविल लाइंस और थाना सिविल लाइंस पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। इस दौरान दो युवक काफी दूर तक बहने के बाद किसी तरह तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि तीसरे युवक को थाना सिविल लाइंस पुलिस ने रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

चौथा युवक आसिफ, निवासी जनपद अमरोहा, नदी में डूब गया। सूचना पर पीएसी के गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंचकर उसकी तलाश में सर्च ऑपरेशन चला रही है।

बताया गया है कि चारों युवक सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित मोनू अलमारी फैक्ट्री में काम करते हैं। क्षेत्र में बिजली न होने और भीषण गर्मी के कारण वे रामगंगा नदी में नहाने पहुंचे थे, तभी यह हादसा हो गया।

परिजनों के अनुसार, डूबा युवक आसिफ शादीशुदा है और उसकी एक छोटी बच्ची भी है। घटना के बाद मौके पर पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई है। गोताखोरों द्वारा युवक की तलाश लगातार जारी है@शांतनु/INN
