मुरादाबाद। कटघर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर स्थित रामगंगा पुल से चार दिन पहले नदी में छलांग लगाने वाली किशोरी का शव बुधवार को बरामद कर लिया गया। लगातार चलाए गए सर्च अभियान के दौरान गोताखोरों की टीमों ने घटनास्थल से करीब आठ किलोमीटर दूर नदी में शव खोज निकाला। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर सूरजनगर निवासी तुषार अपनी प्रेमिका के साथ रामगंगा पुल पर पहुंचा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर नदी में छलांग लगा दी। सूचना मिलने पर पुलिस, पीएसी और गोताखोरों की टीमों ने तत्काल बचाव एवं तलाश अभियान शुरू किया।

तलाशी के दौरान पहले तुषार का शव बरामद हो गया था, जबकि किशोरी का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद पुलिस ने नदी के विभिन्न हिस्सों में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया। चार दिनों तक पांच गोताखोर टीमों ने लगातार नदी में तलाश की। इस दौरान किशोरी के परिजन भी रामगंगा किनारे डटे रहे और उसके सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए रहे।
बुधवार को अभियान के दौरान गोताखोरों को घटनास्थल से लगभग आठ किलोमीटर दूर नदी में एक शव दिखाई दिया। बाहर निकालने पर उसकी पहचान लापता किशोरी के रूप में हुई। सूचना पर कटघर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शव की पहचान होते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इस दर्दनाक घटना से दोनों परिवार गहरे सदमे में हैं और क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।
पुलिस का कहना है कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद अग्रिम वैधानिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी@शांतनु/INN
