मुरादाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने बुधवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याएं और शिकायतें गंभीरता से सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, धोखाधड़ी, महिला उत्पीड़न समेत विभिन्न मामलों से जुड़े प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने तथा शिकायतकर्ताओं को समय पर न्याय दिलाने के निर्देश दिए।

एसएसपी सतपाल अंतिल ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य आम नागरिकों को त्वरित न्याय दिलाना और उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान करना है। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि थानों में होने वाली जनसुनवाई और महिला हेल्पडेस्क को अधिक प्रभावशाली बनाया जाए, ताकि पीड़ितों को अपनी शिकायत के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से पुलिस कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन शिकायतों का समाधान थाना स्तर पर संभव है, उनका निस्तारण वहीं प्राथमिकता के आधार पर, निर्धारित समय सीमा के भीतर और गुणवत्ता के साथ किया जाए। किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा प्रत्येक शिकायतकर्ता के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।
एसएसपी ने यह भी कहा कि पुलिस की प्राथमिकता जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान कर कानून व्यवस्था के प्रति लोगों का विश्वास मजबूत करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और निस्तारण की प्रगति से शिकायतकर्ता को भी अवगत कराया जाए। जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से दर्ज कर उनके समाधान की प्रक्रिया तत्काल शुरू कराई@जफर/INN
