उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित ममूरा गांव में सोमवार को एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे के समय इमारत में मौजूद दर्जनों लोग धुएं और आग के बीच फंस गए। सूचना मिलते ही फायर विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और बड़े स्तर पर रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, फेज-3 थाना क्षेत्र के ममूरा गांव में इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर खड़ी एक इलेक्ट्रिक बाइक में अचानक स्पार्किंग हुई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरा परिसर घने धुएं से भर गया। आग और धुएं के कारण सीढ़ियां तथा लॉबी पूरी तरह प्रभावित हो गईं, जिससे इमारत में रहने वाले करीब 50 परिवारों के लोग अंदर ही फंस गए। घटनास्थल से सामने आए वीडियो में इमारत से उठती ऊंची लपटें और धुएं का घना गुबार साफ देखा जा सकता है।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों ने सीढ़ियों और अन्य सुरक्षा उपकरणों की मदद से इमारत में फंसे लोगों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
घटना का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने घायलों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने, राहत कार्यों की लगातार निगरानी करने और प्रशासन को पूरी सतर्कता के साथ स्थिति पर नजर बनाए रखने के आदेश भी दिए हैं।
