मुरादाबाद। मुरादाबाद साइबर क्राइम थाना पुलिस ने ऑपरेशन ‘Cy-Vajra’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड के तीन शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर सोशल मीडिया, व्हाट्सएप, एसएमएस और अन्य डिजिटल माध्यमों से फर्जी APK (Android Package Kit) फाइल भेजकर लोगों के मोबाइल हैक करने और उनके बैंक खातों से रुपये उड़ाने का आरोप है।
पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुड्डू अंसारी (36 वर्ष), निवासी फतेहपुर, जामताड़ा, रफीक अंसारी (28 वर्ष) तथा करीम अंसारी (22 वर्ष), निवासी मसालिया, जिला दुमका (झारखंड) के रूप में हुई है।
ऐसे देते थे साइबर ठगी को अंजाम
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बैंक KYC अपडेट, बिजली बिल, कूरियर, सरकारी योजनाओं और अन्य आवश्यक सेवाओं के नाम पर लोगों को APK फाइल भेजते थे। जैसे ही पीड़ित फाइल इंस्टॉल करता, आरोपी उसके मोबाइल का अनधिकृत एक्सेस हासिल कर लेते थे। इसके बाद बैंकिंग ऐप, यूपीआई, ओटीपी और अन्य संवेदनशील जानकारियों का दुरुपयोग कर खाते से रकम निकाल लेते थे।
आरोपी PhonePe, Google Pay और अन्य डिजिटल भुगतान सेवाओं के नाम पर फर्जी कैशबैक, रिवॉर्ड प्वाइंट, गिफ्ट वाउचर तथा “Receive Money” और “Claim Cashback” जैसे लिंक भेजकर भी लोगों को जाल में फंसाते थे। लिंक पर क्लिक करने या यूपीआई पिन दर्ज करते ही खातों से पैसे साफ कर दिए जाते थे।
फर्जी गेमिंग और निवेश ऐप से भी ठगी
पुलिस के अनुसार आरोपी फर्जी गेमिंग, टास्क आधारित कमाई, निवेश, बोनस और रिचार्ज ऑफर के नाम पर वेबसाइट और मोबाइल ऐप संचालित करते थे। शुरुआत में पीड़ितों को थोड़ा लाभ देकर भरोसा जीतते और बाद में बड़ी रकम जमा कराने के बाद निकासी रोक देते थे।
फर्जी कस्टमर केयर नंबर भी बनाते थे हथियार
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी गूगल सर्च पर बैंक, ई-वॉलेट और अन्य कंपनियों के फर्जी कस्टमर केयर नंबर अपलोड करते थे। इन नंबरों पर संपर्क करने वाले लोगों को बैंक अधिकारी बनकर APK फाइल डाउनलोड कराई जाती थी, जिससे मोबाइल हैक कर लिया जाता था।
16 साइबर अपराध दर्ज, लाखों की ठगी
पुलिस के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों में एनसीआरपी पोर्टल पर 16 साइबर ठगी के मामले दर्ज हैं। प्रारंभिक जांच में इनसे 60 से 70 लाख रुपये की साइबर ठगी किए जाने की जानकारी सामने आई है।
बरामदगी
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 7 मोबाइल फोन, 4 पेन ड्राइव, 23 एक्टिव सिम, 10 एटीएम/स्मार्ट कार्ड, 11 आधार/पैन कार्ड, 10 नए सिम कार्ड (एयरटेल व जियो) तथा 25 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस अब मोबाइल, बैंक खातों, यूपीआई आईडी, डिजिटल साक्ष्यों और अन्य तकनीकी तथ्यों की गहन जांच कर रही है। साथ ही इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी जारी है।
साइबर सुरक्षा सलाह
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजी गई APK फाइल डाउनलोड न करें, कैशबैक या KYC अपडेट के नाम पर आए संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और किसी भी स्थिति में अपना UPI PIN या OTP किसी के साथ साझा न करें। संदिग्ध गतिविधि होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं@शांतनु/INN
