मुरादाबाद। गुरुवार को जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पेंसिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल तथा नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल ने थाना मझोला क्षेत्र के लकड़ी चौराहा स्थित गागन नदी पर निर्माणाधीन पुल का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग के अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि पुल निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किया जाए तथा निर्माण में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के प्रत्येक चरण में निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में लोगों को सुरक्षित और बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने निर्माण स्थल पर यातायात प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि निर्माण कार्य के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही पर्याप्त बैरिकेडिंग, संकेतक बोर्ड एवं सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना को रोका जा सके।

नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल ने निर्माण कार्य से जुड़े तकनीकी पहलुओं की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कहा कि कार्य में तेजी लाते हुए गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माण कार्य की वर्तमान प्रगति की समीक्षा की तथा कार्यदायी संस्था से निर्धारित समय में पुल निर्माण पूर्ण करने की कार्ययोजना के बारे में जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या मानकों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी।
स्थानीय नागरिकों का मानना है कि पुल निर्माण पूरा होने के बाद लकड़ी चौराहा एवं आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि परियोजना को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराया जाएगा@शांतनु/INN
