मुरादाबाद। जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय पोषण समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, पोषण ट्रैकर, कुपोषण उन्मूलन कार्यक्रम एवं अन्य पोषण संबंधी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत पात्र गर्भवती महिलाओं का अधिक से अधिक पंजीकरण कराने और उन्हें समय पर वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी सीडीपीओ से कहा कि कोई भी पात्र महिला योजना के लाभ से वंचित न रहे।
समीक्षा के दौरान जिन विकास खंडों की प्रगति संतोषजनक नहीं मिली, उन्हें कड़ी चेतावनी देते हुए जल्द सुधार के निर्देश दिए गए। सबसे कम प्रगति वाले चार विकास खंडों को दो दिन के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने का अल्टीमेटम दिया गया।
बैठक में डीएम ने पोषण ट्रैकर पर सभी इंडिकेटरों की नियमित फीडिंग सुनिश्चित करने, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सुपरवाइजरों द्वारा गुणवत्तापूर्ण डेटा अपलोड करने तथा अति कुपोषित (SAM) बच्चों की पहचान कर उन्हें पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) में भर्ती कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्त्रियां मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। सभी अधिकारी पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करें। उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया जाएगा।
बैठक के दौरान पोषण पुनर्वास केंद्र में 14 दिन का उपचार पूरा कर स्वस्थ हुए बच्चों को पोषण पोटली वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी, समस्त सीडीपीओ, चिकित्सा विभाग के अधिकारी, सुपरवाइजर एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे@जफर/INN
