मुरादाबाद। शहर के चर्चित स्कॉलर डेन कोचिंग संस्थान की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। अब वासुदेव कॉम्प्लेक्स के मालिक डॉ. संदीप बंसल ने कोचिंग संस्थान के संचालक विवेक ठाकुर को 23 अगस्त 2026 तक परिसर खाली करने का नोटिस जारी किया है। नोटिस में बकाया किराया समय पर जमा न करने को प्रमुख आधार बताया गया है।
जानकारी के अनुसार, स्कॉलर डेन कोचिंग संस्थान पहले ही प्रशासनिक कार्रवाई के दायरे में आ चुका है। संस्थान को अवैध रूप से संचालित पाए जाने पर मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (एमडीए) ने सील कर दिया था। आरोप था कि संस्थान कपड़ा शोरूम की जगह चलाया जा रहा था। इससे इतर अग्निशमन विभाग (फायर विभाग) की अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) तथा शिक्षा विभाग से आवश्यक अनुमति/एनओसी भी संस्थान के पास उपलब्ध नहीं थी।
बुधवार को एमडीए ने वासुदेव कॉम्प्लेक्स की सील सशर्त खोली। प्राधिकरण के अनुसार, भवन की नाप-जोख कर कंपाउंडिंग की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। साथ ही स्पष्ट किया गया कि संबंधित भवन का स्वीकृत मानचित्र कपड़ा शोरूम के लिए है, इसलिए उसमें किसी अन्य गतिविधि के संचालन की अनुमति नहीं है।
इसी बीच भवन स्वामी डॉ. संदीप बंसल ने भी स्कॉलर डेन कोचिंग के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए परिसर खाली करने का नोटिस जारी कर दिया है। उनका कहना है कि किरायेदार ने एक भी बार समय पर किराया जमा नहीं किया, जिसके कारण लगातार बकाया बढ़ता गया। कई बार भुगतान के लिए कहने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ, जिसके बाद मजबूर होकर भवन खाली कराने का निर्णय लेना पड़ा।
सूत्रों के अनुसार, नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि 23 अगस्त तक वासुदेव कॉम्प्लेक्स खाली कर भवन का कब्जा भवन स्वामी को सौंप दिया जाए, अन्यथा नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि स्कॉलर डेन कोचिंग संस्थान पिछले कुछ समय से विभिन्न कारणों को लेकर विवादों में रहा है। एमडीए की कार्रवाई के बाद अब भवन स्वामी द्वारा जारी किए गए खाली कराने के नोटिस से संस्थान की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। यदि निर्धारित अवधि तक परिसर खाली नहीं किया जाता, तो मामला न्यायिक एवं प्रशासनिक कार्रवाई की ओर बढ़ सकता है।
इस संबंध में प्रयासों के बाद भी संस्थान का पक्ष नहीं मिल सका। पक्ष मिलने पर उसे भी प्रकाशित किया जाएगा@शांतनु/INN
