मुरादाबाद। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त करने के उद्देश्य से नगर निगम की ओर से विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान लंगड़े की पुलिया, सीधी सराय और भूरे का चौराहा सहित विभिन्न क्षेत्रों में सड़क एवं फुटपाथ पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया गया।

यह अभियान कर निर्धारण अधिकारी प्रमोद कुमार, कर निर्धारण अधिकारी द्वितीय अनिल कुमार अरुण, राजस्व निरीक्षक सतीश कुमार तथा नगर निगम के प्रवर्तन दल की मौजूदगी में चलाया गया।

अभियान के दौरान टीम ने सड़क किनारे रखे गए अस्थायी ढांचे, अवैध रूप से लगाए गए सामान और यातायात में बाधा बन रहे अतिक्रमण को हटवाया।

नगर निगम की टीम ने संबंधित दुकानदारों एवं अतिक्रमणकारियों को भविष्य में दोबारा सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा न करने की चेतावनी भी दी।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क, नाली और फुटपाथ पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी।

अभियान के दौरान नगर निगम के कर्मचारी एवं प्रवर्तन दल के सदस्य भी मौजूद रहे। कार्रवाई के चलते कुछ समय के लिए क्षेत्र में हलचल रही, वहीं अतिक्रमण हटने से मार्गों पर आवागमन सुचारु हुआ।

नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और सार्वजनिक स्थलों पर अवैध कब्जा करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी @शांतनु/INN
