बिलारी (मुरादाबाद)। शनिवार को तहसील बिलारी में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पेंसिया एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने संयुक्त रूप से आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस अवसर पर पुलिस एवं प्रशासनिक विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों को लेकर पहुंचे। जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक शिकायतकर्ता की बात धैर्यपूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनशिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।

जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पेंसिया ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्व, भूमि विवाद, सार्वजनिक सुविधाओं, विकास कार्यों तथा अन्य प्रशासनिक मामलों से संबंधित शिकायतों का मौके पर जाकर सत्यापन किया जाए और पात्र शिकायतकर्ताओं को शीघ्र राहत प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक नागरिक को त्वरित एवं पारदर्शी न्याय उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों, आपसी विवादों, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध तथा अन्य पुलिस संबंधी शिकायतों का संवेदनशीलता एवं निष्पक्षता के साथ निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए तथा प्रत्येक प्रकरण में नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान अधिकारियों ने कई मामलों में मौके पर ही आवश्यक निर्देश देकर त्वरित कार्रवाई कराई, जबकि शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का एक ही स्थान पर प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं संवेदनशीलता बनाए रखें, ताकि आमजन का प्रशासन और पुलिस पर विश्वास और अधिक मजबूत हो सके@जफर/INN
