मुरादाबाद। मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी ने शनिवार को विकासखंड कुंदरकी के डींगरपुर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का औचक निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक एवं आवासीय व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, स्वच्छता, सुरक्षा और शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने विद्यालय के टॉयलेट, कंप्यूटर लैब, एसआरजी कक्ष, अभिलेखों तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं की बारीकी से जांच की। उन्होंने विद्यालय परिसर, छात्रावास, रसोईघर और शौचालयों में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने तथा स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
शैक्षणिक गतिविधियों का आकलन करते हुए उन्होंने विभिन्न कक्षाओं का निरीक्षण किया और छात्राओं से संवाद स्थापित किया। इस दौरान ग्रीन बोर्ड पर गणित के प्रश्न हल कराकर उनकी विषयगत समझ को परखा। छात्राओं द्वारा आत्मविश्वास के साथ दिए गए उत्तरों की उन्होंने सराहना की और उन्हें निरंतर मेहनत कर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

मुख्य विकास अधिकारी ने छात्रावास की भोजन व्यवस्था, सुरक्षा और आवासीय सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्धारित मेन्यू के अनुसार पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए, ताकि छात्राओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए कंप्यूटर शिक्षा, गणितीय दक्षता, अनुशासन और सह-शैक्षणिक गतिविधियों को और प्रभावी बनाया जाए। साथ ही गतिविधि-आधारित एवं नवाचारपूर्ण शिक्षण पद्धति अपनाकर छात्राओं के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाए।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय एवं छात्रावास की विद्युत वायरिंग की जांच कर आवश्यक मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए गए। परिसर के खुले एवं कच्चे स्थानों पर चरणबद्ध तरीके से इंटरलॉकिंग अथवा टाइल्स लगाने तथा विद्यालय परिसर को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने पर भी जोर दिया गया।
पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सीडीओ ने विद्यालय परिसर में छायादार, फलदार, औषधीय एवं पुष्पीय पौधों का व्यापक स्तर पर पौधारोपण कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी कुंदरकी, प्रभारी वार्डन तथा विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा@शांतनु/INN
