अमरोहा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को अमरोहा दौरे के दौरान हाईवे स्थित श्री वेंकटेश्वर विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और जिले की प्रसिद्ध ढोलक निर्माण कला का अवलोकन करते हुए उसकी विशेषताओं की जानकारी ली। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने जिले के विकास को नई गति देने के उद्देश्य से 207.49 करोड़ रुपये की लागत वाली 43 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें अमरोहा विधानसभा क्षेत्र की 25 परियोजनाएं तथा धनौरा विधानसभा क्षेत्र की 18 परियोजनाएं शामिल हैं। इन कार्यों से सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को आवास, स्वरोजगार, स्वयं सहायता समूह, विश्वकर्मा श्रम सम्मान, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना और किसान ड्रोन अनुदान योजना सहित कई योजनाओं के अंतर्गत प्रमाणपत्र, चेक एवं अन्य सहायता भी वितरित की।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने अमरोहा की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और हस्तशिल्प परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि जिले की ढोलक और तबला देश-दुनिया में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं। उन्होंने कहा कि अमरोहा के किसान आम जैसे उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचा रहे हैं तथा गंगा एक्सप्रेसवे और अन्य परियोजनाओं से जिले की कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में वर्ष 2017 के बाद विकास और औद्योगिक निवेश को नई रफ्तार मिली है। उन्होंने दावा किया कि चीनी उद्योग को मजबूत किया गया, गन्ना किसानों का बकाया भुगतान कराया गया और गन्ने का समर्थन मूल्य भी बढ़ाया गया। उनके अनुसार उत्तर प्रदेश आज गन्ना, चीनी और एथेनॉल उत्पादन में अग्रणी राज्यों में शामिल है।
उन्होंने कहा कि सरकार धार्मिक आयोजनों और आस्था से जुड़े कार्यक्रमों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध करा रही है। कांवड़ यात्रा, जन्माष्टमी, रामनवमी और तिगरी मेले जैसे आयोजनों का उल्लेख करते हुए उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधाओं को प्राथमिकता देने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में आधारभूत ढांचे के तेजी से विस्तार, गंगा एक्सप्रेसवे जैसी परियोजनाओं और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को अब योग्यता के आधार पर अवसर मिल रहे हैं और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सरकार लगातार प्रभावी कदम उठा रही है।
अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि अमरोहा विकास, निवेश, बेहतर आधारभूत संरचना और रोजगार के नए अवसरों के साथ प्रदेश के प्रमुख जिलों में अपनी नई पहचान स्थापित करेगा@शांतनु/INN
