मुरादाबाद। भोजपुर थाना क्षेत्र के ताजपुर स्थित गरीब नवाज बैंक्वेट हॉल के पीछे 20 वर्षीय युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही भोजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मृतक की पहचान मुगलपुरा थाना क्षेत्र के बरबालान निवासी रितिक के रूप में हुई है। बताया गया कि रितिक एक मुर्गे की दुकान पर काम करता था। परिजनों के अनुसार, शनिवार को उसका दोस्त सलीम उसे चाय पिलाने के बहाने घर से ताजपुर लेकर गया था। इसके बाद रितिक देर रात तक घर नहीं लौटा। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला। बाद में पुलिस ने ताजपुर स्थित गरीब नवाज बैंक्वेट हॉल के पीछे उसका शव मिलने की सूचना दी।
मृतक की मां जया बानो और भाई अदनान ने आरोप लगाया कि रितिक के 25 हजार रुपये तनवीर पर बकाया थे, जिसे लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। उनका कहना है कि इसी रंजिश के चलते सलीम, तनवीर और उनके अन्य साथियों ने मिलकर रितिक की हत्या कर दी।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
भोजपुर थाना पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी@जफर/INN
