मुरादाबाद। सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद सतपाल अंतिल एवं पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) कुंवर आकाश सिंह ने पुलिस कार्यालय परिसर में चल रहे जीर्णोद्धार एवं निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का गहनता से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा सभी कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप ही संपन्न होने चाहिए।

एसपी ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह ने भी निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए आवश्यक सुझाव दिए और अधिकारियों को कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्य समय पर पूर्ण होने के साथ-साथ उनकी गुणवत्ता भी सुनिश्चित की जा सके।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माण कार्यों से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस कार्यालय परिसर के जीर्णोद्धार एवं निर्माण कार्य पूरे होने से पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे पुलिस व्यवस्था और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनेगी@जफर/INN
