मुरादाबाद। एसटीएफ आगरा और पाकबड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार को लंबे समय से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी दीपक राय को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी वर्ष 2020 में एक पेट्रोल पंप से करीब छह हजार लीटर डीजल लेने के बाद भुगतान किए बिना फरार हो गया था और तभी से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी दीपक राय पुत्र बलराम राय, ग्वालियर (मध्य प्रदेश) का निवासी है। वह थाना पाकबड़ा में दर्ज धोखाधड़ी एवं जालसाजी के मुकदमे में वांछित था। उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वर्ष 2020 में उसने पाकबड़ा क्षेत्र स्थित चरण फिलिंग स्टेशन, लोधीपुर राजपूत से लगभग 6,000 लीटर डीजल लिया था। इसके बदले उसने आईसीआईसीआई बैंक की तानसेन नगर शाखा, ग्वालियर के दो चेक, आधार कार्ड, पैन कार्ड और लेटर पैड देकर तीन दिन के भीतर भुगतान करने का भरोसा दिलाया था। हालांकि निर्धारित समय बीतने के बाद उसने भुगतान नहीं किया और फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा। उसे पकड़ने के लिए न्यायालय के आदेश पर कुर्की की कार्रवाई भी की गई, लेकिन वह न तो आत्मसमर्पण करने पहुंचा और न ही पुलिस के हाथ लगा। बाद में 14 फरवरी 2023 को उसके विरुद्ध फरारी में आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया गया।
दीपक राय के खिलाफ थाना पाकबड़ा में वर्ष 2020 के धोखाधड़ी के मुकदमे के अलावा फरारी से संबंधित एक अन्य मामला भी दर्ज है। सोमवार को एसटीएफ आगरा और पाकबड़ा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया गया। अभियान में प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार, उपनिरीक्षक रजनीश चौधरी सहित एसटीएफ और थाना पाकबड़ा की टीम शामिल रही@शांतनु/INN
