मुरादाबाद। जनपद के सभी गांवों का डिजिटल और व्यापक रिकॉर्ड तैयार करने की दिशा में मुरादाबाद प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की सहायता से ग्राम गजेटियर तैयार किया जाएगा, जिसमें 42 विभागों के आंकड़ों और योजनाओं से संबंधित जानकारी को एकीकृत किया जाएगा। इससे प्रत्येक गांव की सामाजिक, आर्थिक, आधारभूत सुविधाओं और सरकारी योजनाओं से जुड़ी अद्यतन जानकारी एक ही मंच पर उपलब्ध हो सकेगी।

सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया एवं मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी की उपस्थिति में ग्राम गजेटियर तैयार करने के संबंध में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान एआई विशेषज्ञों ने विभिन्न विभागों के पोर्टलों पर उपलब्ध ग्राम स्तरीय आंकड़ों का प्रभावी उपयोग करते हुए गजेटियर तैयार करने की प्रक्रिया की जानकारी दी।
प्रशिक्षण में बताया गया कि एआई तकनीक के माध्यम से डेटा संग्रहण को अधिक व्यवस्थित, सटीक और विश्वसनीय बनाया जाएगा। नई प्रणाली इस प्रकार विकसित की जा रही है कि यदि आवश्यक जानकारी अधूरी होगी तो अगले चरण की डेटा प्रविष्टि संभव नहीं होगी। इससे ग्राम गजेटियर में किसी भी प्रकार की सूचना का अभाव नहीं रहेगा और उसकी गुणवत्ता सुनिश्चित होगी।

जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने निर्देश दिए कि ग्राम गजेटियर तैयार करने की प्रक्रिया से जुड़े सभी सहायक विकास अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी, ग्राम सचिव और लेखपालों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण दिया जाए, ताकि गांव स्तर पर गुणवत्तापूर्ण एवं त्रुटिरहित डेटा संकलित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि एआई आधारित ग्राम गजेटियर शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, ग्राम स्तर पर विकास कार्यों की निगरानी, संसाधनों के बेहतर प्रबंधन तथा योजनाओं की नियमित मैपिंग में बेहद उपयोगी साबित होगा। साथ ही इसे एक मोबाइल एप के माध्यम से प्रत्येक माह अपडेट करने की व्यवस्था भी की जा रही है, जिससे शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की प्रगति का नियमित मूल्यांकन और प्रभावी अनुश्रवण सुनिश्चित किया जा सके।

प्रशिक्षण के दौरान यह भी जानकारी दी गई कि आगामी चरण में विभागवार प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि सभी संबंधित विभाग अपने-अपने आंकड़ों का समयबद्ध एवं शुद्ध संकलन सुनिश्चित कर सकें@शांतनु/INN
