मेरठ। मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश एस.पी. गोयल एवं पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने मेरठ में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान वर्चुअल माध्यम से मुरादाबाद सहित विभिन्न जनपदों में कांवड़ यात्रा की तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में मेरठ से मंडलायुक्त आञ्जनेय कुमार सिंह शामिल हुए, जबकि जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया, मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी तथा अन्य अधिकारी मुरादाबाद से वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने कहा कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं निर्विघ्न संपन्न कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कांवड़ मार्गों पर नियमित साफ-सफाई, सैनिटेशन, प्रकाश व्यवस्था, सड़क मरम्मत, जल निकासी, मोबाइल टॉयलेट, पेयजल, चिकित्सा शिविर, बाइक एंबुलेंस, पर्याप्त एंबुलेंस और अस्पतालों में बेड आरक्षित रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कांवड़ शिविरों का संचालन निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाए तथा विद्युत, अग्नि सुरक्षा, खाद्य सुरक्षा सहित सभी आवश्यक अनुमतियां समय से पूरी कराई जाएं। प्रमुख मंदिरों, जलाभिषेक स्थलों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन तथा सीसीटीवी और ड्रोन के माध्यम से सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए। सीमावर्ती जिलों और राज्यों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर ट्रैफिक डायवर्जन और सूचना आदान-प्रदान की प्रभावी व्यवस्था रखने के भी निर्देश दिए गए।
डीजीपी राजीव कृष्ण ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की जाए। राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों के प्रवेश और निकास बिंदुओं पर पुलिस कर्मी मौजूद रहें, ताकि श्रद्धालुओं को सही मार्गदर्शन मिल सके। उन्होंने डीजे संचालन सुप्रीम कोर्ट के निर्धारित मानकों के अनुरूप कराने, डीजे संचालकों का सत्यापन कराने, स्टंटबाजी, बिना साइलेंसर वाले वाहनों तथा अन्य अवांछित गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर कड़ी निगरानी रखने, असामाजिक तत्वों पर नजर बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं के साथ संवेदनशील एवं शालीन व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि कांवड़ यात्रा से जुड़े सभी प्रबंध समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके@जफर/INN
