मुरादाबाद। आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर मुरादाबाद नगर विधानसभा क्षेत्र का राजनीतिक माहौल लगातार गर्माता जा रहा है। कांग्रेस की ओर से जिन चेहरों की सबसे अधिक चर्चा हो रही है, उनमें अनुभव मेहरोत्रा का नाम प्रमुखता से लिया जा रहा है। नगर निगम की राजनीति में मजबूत पकड़, जनता के बीच लगातार सक्रियता और संगठन में लंबे अनुभव के कारण उन्हें कांग्रेस के संभावित दावेदारों में सबसे मजबूत चेहरों में देखा जा रहा है।
अनुभव मेहरोत्रा पिछले दो दशकों से कांग्रेस की राजनीति में सक्रिय हैं। वर्ष 2003 से पार्टी के साथ जुड़े अनुभव ने ऐसे समय में भी अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत बनाए रखी, जब प्रदेश में कांग्रेस का जनाधार चुनौतीपूर्ण दौर से गुजर रहा था। इसके बावजूद वे वार्ड-54 से लगातार तीन बार पार्षद निर्वाचित होकर अपनी व्यक्तिगत लोकप्रियता और संगठनात्मक क्षमता का परिचय दे चुके हैं। सबसे कम उम्र का पार्षद बनने का रिकॉर्ड दर्ज करने वाले अनुभव मेहरोत्रा को केंद्रीय इस्पात मंत्रालय मे भी नामांकित किया जा चुका है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अनुभव मेहरोत्रा की सबसे बड़ी ताकत उनकी जमीनी राजनीति है। वह केवल चुनावी मौसम में ही नहीं, बल्कि पूरे कार्यकाल के दौरान जनता के बीच सक्रिय दिखाई देते हैं। क्षेत्र में जलभराव, सड़क, सफाई, पेयजल और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर उन्होंने कई बार नगर आयुक्त, मेयर और प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से अपनी बात रखी है। स्थानीय समस्याओं को लेकर उनका संघर्ष क्षेत्र में चर्चा का विषय रहा है।
अनुभव मेहरोत्रा ने संगठनात्मक स्तर पर भी कांग्रेस को मजबूती देने का कार्य किया। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और संगठन को नई ऊर्जा देने का प्रयास किया। वर्तमान में नगर निगम में कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष के रूप में भी वे पार्टी की आवाज़ को मजबूती से उठाते रहे हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि मुरादाबाद नगर विधानसभा सीट पर कांग्रेस यदि एक ऐसे उम्मीदवार की तलाश में है, जिसकी पहचान केवल पार्टी तक सीमित न होकर आम जनता के बीच भी मजबूत हो, तो अनुभव मेहरोत्रा का नाम स्वाभाविक रूप से सबसे आगे आता है। उनकी प्रशासनिक समझ, जनसंपर्क, संगठन पर पकड़ और लगातार क्षेत्रीय सक्रियता उन्हें अन्य संभावित दावेदारों की तुलना में अलग पहचान दिलाती है।
हालांकि, कांग्रेस ने अभी तक मुरादाबाद नगर विधानसभा सीट के लिए आधिकारिक प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में अनुभव मेहरोत्रा को पार्टी के सबसे मजबूत संभावित दावेदारों में गिना जा रहा है। यदि पार्टी उन्हें उम्मीदवार बनाती है, तो मुरादाबाद नगर विधानसभा का चुनाव मुकाबला और भी दिलचस्प होने की संभावना जताई जा रही है।
जनसरोकारों से जुड़ी राजनीति, संगठन में लंबा अनुभव और जनता के बीच निरंतर सक्रिय उपस्थिति ने अनुभव मेहरोत्रा को मुरादाबाद नगर विधानसभा की राजनीति में कांग्रेस के सबसे चर्चित और प्रभावशाली संभावित चेहरों में शामिल कर दिया है@शांतनु/INN
