कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रमुख अभिजीत दिपके ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की लगातार जारी भूख हड़ताल को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि बुधवार को वांगचुक के अनशन का 25वां दिन है और इतने लंबे समय तक भोजन न करने से उनकी सेहत पर गंभीर असर पड़ सकता है।
दिपके ने सोनम वांगचुक से अपील करते हुए कहा कि वे अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता दें और भूख हड़ताल समाप्त करें। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि वांगचुक अनशन खत्म कर देते हैं, तब भी आंदोलन जारी रहेगा और उनकी पार्टी अपनी मांगों से पीछे नहीं हटेगी।
उन्होंने कहा कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपने पद से इस्तीफा नहीं देते, तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा। दिपके के मुताबिक, यह आंदोलन किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि छात्रों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों की लड़ाई है।
प्रदर्शन को लेकर उन्होंने समर्थकों से संयम बरतने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा और किसी भी तरह की हिंसा या अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
दिपके ने यह भी कहा कि जो लोग भड़काऊ नारे लगाते हैं या अशांति फैलाने की कोशिश करते हैं, उनका इस आंदोलन से कोई संबंध नहीं है। ऐसे तत्वों से पार्टी ने खुद को पूरी तरह अलग बताया है।
अपने संबोधन के अंत में उन्होंने कहा कि यह आंदोलन महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों से प्रेरित है और आगे भी लोकतांत्रिक तथा अहिंसक तरीके से अपनी मांगों को उठाया जाएगा।
