मुरादाबाद। भारतीय किसान यूनियन संयुक्त मोर्चा भारत के पदाधिकारियों ने बुधवार को उपजिलाधिकारी सदर, मुरादाबाद को विभिन्न जनसमस्याओं और किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर ज्ञापन सौंपा। संगठन ने प्रशासन से मांगों पर तत्काल कार्रवाई करने की अपील करते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि सात दिनों के भीतर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो किसान संगठन अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करेगा।
ज्ञापन में सबसे प्रमुख मांग ग्राम बहोरनपुर कला स्थित सार्वजनिक श्मशान घाट की भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने की उठाई गई। संगठन का कहना है कि राजस्व अभिलेखों के अनुसार भूमि की पैमाइश एवं सीमांकन कराकर उसे कब्जामुक्त कराया जाए तथा भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए स्थायी व्यवस्था की जाए। किसानों ने आरोप लगाया कि श्मशान घाट पर कब्जे के कारण ग्रामीणों को अंतिम संस्कार जैसे संवेदनशील कार्य में भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

इसके अलावा संगठन ने ग्राम पंचायत गोकुल नगर श्यामपुर, थाना भगतपुर क्षेत्र में आबादी के बीच संचालित शराब की भट्टी को हटाने की मांग की। किसानों का कहना है कि यह भट्टी निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित हो रही है, जिससे ग्रामीणों, महिलाओं और बच्चों को असुविधा के साथ-साथ सामाजिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
भारतीय किसान यूनियन संयुक्त मोर्चा भारत ने राणा मिल बेलवाड़ा द्वारा किसानों के गन्ने का बकाया भुगतान शीघ्र कराने की भी मांग उठाई। संगठन का कहना है कि भुगतान में लगातार हो रही देरी के कारण किसान आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं और खेती-किसानी से जुड़े आवश्यक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। किसानों ने प्रशासन से मिल प्रबंधन के साथ समन्वय स्थापित कर जल्द भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग की।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि सात दिनों के भीतर प्रशासन द्वारा सभी मांगों पर संतोषजनक कार्रवाई नहीं की गई तो भारतीय किसान यूनियन संयुक्त मोर्चा भारत के बैनर तले अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने वालों में जिला अध्यक्ष रोहित देवल, मंडल अध्यक्ष मोहम्मद नाजिर, युवा जिला अध्यक्ष मुकर्रम चौधरी, जिला उपाध्यक्ष हरपाल सिंह सहित संगठन के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे@जफर/INN
