मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती संगीता जैन ने बुधवार को सर्किट हाउस सभागार में महिला उत्पीड़न एवं महिला हितों से जुड़े मामलों की जनसुनवाई की। उन्होंने पीड़ित महिलाओं की शिकायतें सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को मामलों का त्वरित, निष्पक्ष और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान आयोग के समक्ष कुल 11 शिकायतें प्रस्तुत की गईं। इनमें से पांच मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को जांच और नियमानुसार कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।
सदस्य संगीता जैन ने कहा कि राज्य महिला आयोग महिलाओं के उत्पीड़न की रोकथाम और पीड़ित महिलाओं को समयबद्ध न्याय दिलाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। यदि किसी महिला के साथ अन्याय या उत्पीड़न होता है तो उसकी शिकायत पर तत्काल सुनवाई कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने महिलाओं से आत्मनिर्भर और जागरूक बनने का आह्वान करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न को छिपाने के बजाय निर्भीक होकर सामने आएं। राज्य महिला आयोग उनकी शिकायतों के प्रभावी समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
जनसुनवाई के दौरान नगर मजिस्ट्रेट युवराज श्रीवास्तव, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, क्षेत्राधिकारी सिविल लाइंस, महिला थाना प्रभारी, मझोला थाना प्रभारी, अधीक्षक कारागार, शिक्षा विभाग के अधिकारी, वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रबंधक गुंजन तिवारी, मनोसामाजिक काउंसलर तनिषा दिवाकर, हब फॉर इम्पावरमेंट ऑफ वूमेन की जिला मिशन कोऑर्डिनेटर रेनू आर्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे@जफर/INN
