मुरादाबाद। जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित, प्रभावी और संवेदनशील समाधान के उद्देश्य से आयोजित होने वाला जनता दर्शन एक बार फिर जरूरतमंद परिवार के लिए बड़ी राहत लेकर आया। बुधवार को आयोजित जनता दर्शन में जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने कैंसर से जूझ रहे रविंद्र कुमार को आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड प्रदान किया। कार्ड मिलने के साथ ही परिवार के चेहरे पर राहत और संतोष की झलक दिखाई दी।
रविंद्र कुमार ने जिलाधिकारी और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें गंभीर बीमारी के इलाज के लिए आर्थिक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। आयुष्मान कार्ड के माध्यम से वे योजना के तहत सूचीबद्ध अस्पतालों में पांच लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार का लाभ प्राप्त कर सकेंगे, जिससे उनके इलाज का रास्ता आसान हो गया है।
तीन वर्षों से कैंसर से जूझ रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को आयोजित जनता दर्शन में रविंद्र कुमार ने जिलाधिकारी के समक्ष प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया था। उन्होंने बताया कि वह पिछले लगभग तीन वर्षों से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं। आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर होने के कारण उपचार का खर्च उठा पाना उनके लिए संभव नहीं था। उन्होंने आयुष्मान कार्ड बनवाने की गुहार लगाई थी, ताकि सरकारी स्वास्थ्य योजना के माध्यम से इलाज कराया जा सके।
डीएम ने तत्काल दिए कार्रवाई के निर्देश
प्रकरण की गंभीरता और मानवीय पहलू को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने उसी समय संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। डीएम के निर्देशों के अनुपालन में स्वास्थ्य विभाग और संबंधित अधिकारियों ने प्राथमिकता के आधार पर सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराईं। इसके बाद न केवल रविंद्र कुमार बल्कि उनके पात्र परिवार के सदस्यों के भी आयुष्मान कार्ड तैयार कराए गए।
मंगलवार को आयोजित जनता दर्शन में जिलाधिकारी ने स्वयं रविंद्र कुमार को आयुष्मान कार्ड सौंपते हुए उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र तक पहुंचाना प्राथमिकता
इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता दर्शन में आने वाले प्रत्येक प्रकरण का गंभीरता, संवेदनशीलता और गुणवत्ता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर राहत मिल सके और आमजन का प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हो।
उन्होंने कहा कि जनता दर्शन केवल शिकायतों के निस्तारण का मंच नहीं, बल्कि जरूरतमंद लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रभावी माध्यम भी बन रहा है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि किसी भी पात्र व्यक्ति को केवल जानकारी या प्रक्रियागत कारणों से सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहना पड़े।
इस दौरान उपस्थित अधिकारियों ने भी लाभार्थी को योजना की सुविधाओं की जानकारी दी और भविष्य में किसी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल प्रशासन से संपर्क करने का आश्वासन दिया@शांतनु/INN
