मुरादाबाद। कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को थाना पाकबड़ा परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद सतपाल अंतिल के निर्देशानुसार क्षेत्राधिकारी हाईवे की अध्यक्षता में संपन्न हुई।

बैठक में डीजे संचालकों, कांवड़ जत्थेदारों तथा क्षेत्र के ग्राम प्रधानों ने भाग लिया। इस दौरान शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने पर विशेष जोर दिया गया। क्षेत्राधिकारी हाईवे ने डीजे संचालकों को निर्धारित ध्वनि सीमा का पालन करने, यातायात व्यवस्था को बाधित न करने तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के निर्देश दिए।

इसके अलावा कांवड़ जत्थेदारों से अपील की गई कि वे यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखें और प्रशासन द्वारा तय किए गए मार्ग एवं नियमों का पालन करें। ग्राम प्रधानों से भी अपने-अपने क्षेत्रों में सहयोग करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का साथ देने का अनुरोध किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने सभी उपस्थित लोगों से आपसी समन्वय और सहयोग के साथ कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की अपील की। साथ ही स्पष्ट किया गया कि शासन के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी@जफर/INN
