मुरादाबाद। रिजर्व पुलिस लाइन, मुरादाबाद में गुरुवार से प्रदेश स्तरीय राजपत्रित पुलिस अधिकारियों की बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में प्रदेश के विभिन्न जोनों से पहुंचे पुलिस अधिकारियों एवं खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट कर मुख्य अतिथि पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी), मुरादाबाद परिक्षेत्र जी. मुनिराज को सलामी दी। पूरे आयोजन में अनुशासन, उत्साह और खेल भावना का शानदार समन्वय देखने को मिला।

प्रतियोगिता में प्रदेश के आठ जोनों की टीमें भाग ले रही हैं। उद्घाटन अवसर पर डीआईजी जी. मुनिराज ने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त किया और उन्हें निष्पक्ष खेल, अनुशासन तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक क्षमता को मजबूत बनाने के साथ-साथ टीम भावना, नेतृत्व क्षमता एवं आपसी समन्वय को भी विकसित करते हैं। पुलिस अधिकारियों के लिए ऐसे आयोजन तनावमुक्त वातावरण प्रदान करने के साथ कार्यकुशलता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। आयोजन समिति द्वारा सभी प्रतिभागी टीमों का स्वागत किया गया तथा प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।

प्रतियोगिता के पहले दिन बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस के प्रारंभिक मुकाबले शुरू हुए, जिनमें विभिन्न जोनों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत के लिए जोरदार संघर्ष किया। कई दिनों से इन प्रतियोगिताओं की तैयारी कर रहे खिलाड़ियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

यह प्रतियोगिता 26 जुलाई तक चलेगी, जिसके बाद दोनों खेलों के फाइनल मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। प्रतियोगिता में पीएसी, इंटेलिजेंस, सहकारिता, सीबीसीआईडी सहित विभिन्न इकाइयों के राजपत्रित अधिकारी भी प्रतिभाग कर रहे हैं। आयोजन का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों के बीच खेल भावना को बढ़ावा देना, आपसी समन्वय मजबूत करना तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को प्रोत्साहित करना है। पूरे पुलिस लाइन परिसर में खेलों को लेकर उत्साहपूर्ण वातावरण बना हुआ है@शांतनु/INN
