मुरादाबाद। सड़क सुरक्षा को लेकर भोजपुर थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार की संवेदनशील और सक्रिय कार्यशैली एक बार फिर देखने को मिली। गुरुवार को उन्होंने मुरादाबाद-टिहरी राष्ट्रीय राजमार्ग पर भोजपुर क्षेत्र के चकबेगमपुर रोड पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए स्वयं मौके पर पहुंचकर सड़क किनारे बने खतरनाक गड्ढे को तत्काल भरवाने (पटवाने) का कार्य कराया। उनकी इस पहल से मार्ग पहले की अपेक्षा अधिक सुरक्षित हो गया है और राहगीरों ने राहत की सांस ली है।

स्थानीय लोगों के अनुसार चकबेगमपुर रोड पर सड़क किनारे बना यह गड्ढा लंबे समय से दुर्घटनाओं का कारण बन रहा था। विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालक और रात के समय गुजरने वाले वाहन इस स्थान पर सबसे अधिक जोखिम का सामना करते थे। कई बार वाहन चालक संतुलन खो बैठते थे, जिससे छोटे-बड़े हादसे होते रहते थे। क्षेत्रीय नागरिकों द्वारा इस समस्या की ओर लगातार ध्यान आकर्षित किया जा रहा था।

जनहित को प्राथमिकता देते हुए प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार ने मामले को गंभीरता से लिया और स्वयं मौके पर पहुंचकर गड्ढे को भरवाने की व्यवस्था कराई। उन्होंने कार्य पूरा होने तक मौके पर मौजूद रहकर यह सुनिश्चित किया कि सड़क पर आवागमन सुरक्षित और सुचारु बना रहे। पुलिस की इस तत्परता की स्थानीय लोगों ने मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि सड़क सुरक्षा केवल यातायात नियमों का पालन कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि सड़क पर मौजूद खतरों को समय रहते दूर करना भी उतना ही आवश्यक है। प्रभारी निरीक्षक की इस पहल ने यह संदेश दिया है कि पुलिस कानून-व्यवस्था के साथ-साथ आमजन की सुरक्षा और सुविधा के प्रति भी पूरी तरह सजग है।

नागरिकों ने उम्मीद जताई कि यदि इसी प्रकार समय-समय पर सड़क सुरक्षा से जुड़े जोखिमों की पहचान कर उनका समाधान किया जाता रहा, तो दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी आएगी और लोगों का सफर अधिक सुरक्षित होगा। क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन, विशेष रूप से प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार की इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया@जफर/INN
